
Noida News : पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने एक बड़ा फैसला लिया है। फैसला यह है कि अगले कुछ दिनों में नोएडा पुलिस गौतमबुद्धनगर जिले के चप्पे चप्पे पर नजर रखेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
आपको बता दें कि शीघ्र ही त्योहारों का सीजन शुरू हो रहा है। 29 जून को बकरीद मनाई जाएर्गी तथा उसके ठीक बाद कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। इसी कारण शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्ती करने का फैसला लिया है। त्येाहारों के दौरान कोई भी उपद्रवी तत्व किसी प्रकार की गड़बड़ी ना करने पाए। इस आशय के निर्देश पूरी पुलिस फोर्स को जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह एवं जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने ईद उल-अजहा (बकरीद) एवं शिवभक्तों की कावड यात्रा को लेकर धर्मगुरुओं व संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में सभी से शांति व्यवस्था व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा कड़ी मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों से कड़ाई से निपटा जाएगा।
सेक्टर 108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर ने धर्म गुरुओं, संभ्रांत नागरिकों से आगामी त्योहारों के सम्बन्ध में आने वाली समस्याओं को पुलिस के साथ साझा करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुलिस द्वारा टीम गठित कर मॉनिटरिंग की जा रही है। कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी, धार्मिक भावनाएं भड़काने या दुष्प्रचार करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करें कि सोशल मीडिया पर कुर्बानी से संबंधित वीडियो और अफवाहों संबंधी वीडियो बनाकर गलत तरीके से पोस्ट न करे। त्योहारों के समय सांप्रदायिक सौहार्द व कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख धार्मिक स्थलों के आस-पास सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी रखी जायेगी।
पुलिस कमिश्नर ने द धार्मिक गुरुओं ,संभ्रांत नागरिकों से उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा और कहा कि कोई भी परेशानी होने पर वह तुरंत संबंधित पुलिस अधिकारी, नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें। बैठक में यह भी बताया गया कि सड़क पर नमाज अदा न की जाये। कांवड यात्रा के दौरान लगने वाले भण्डारे एवं शिविर सड़क पर न लगाये जाये जिससे आने जाने वाले लोगों को बाधा उत्पन्न न हो। डीजे बजाने में भी न्यायालय के दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह धार्मिक गुरुओं, संभ्रांत नागरिकों के साथ अपने अपने क्षेत्रों में गोष्ठी कर अपने संपर्क नंबर साझा करें।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आनन्द कुलकर्णी, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय बबलू कुमार, सभी जोन के डीसीपी, एडीसीपी व कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों से विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक व अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। Noida News