
Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आजकल एक शादी और बारात बेहद ही चर्चा का विषय बनी हुई है। इस बारात में शामिल दूल्हे को छोड़कर बाकी बारातियों का नोएडा की पुलिस ने ऐसा बैंड बजाया कि वह हमेशा याद रखेंगे।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर एक बारात का वीडियो जमकर वायरल हुआ। इस वीडियो में देखा गया कि सड़क पर अपने अपने वाहनों से लोग पैसा लूटा रहे हैं। जिसकी वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया। नोएडा पुलिस के अनुसार, रविवार की रात दिल्ली के जामिया नगर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जा रही एक बारात को रोकने के लिए गौर चौक पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी। इस बारात में कई गाड़ियों को रोका गया क्योंकि इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर बारातियों की कार का एक ग्रुप स्टंट करते हुए देखा गया, जिससे पर्थला के पास ट्रैफिक जाम हो गया। स्टंट के साथ इस कारों के ग्रुप ने प्रेशर हॉर्न का भी उपयोग किया गया।
बैरियर लगाकर नोएडा पुलिस ने पूरी बारात को रोका तो जांच पड़ताल की गई। जांच में पाया गया कि दूल्हे की कार ने कोई नियम नहीं तोड़ा तो उसे जाने दिया और बाकी कारों को लापरवाही से गाड़ी चलाने रोक दिया गया। इनके खिलाफ यातायात उल्लंघन के तहत सात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बारातियों की पांच एसयूवी कारों को मौके पर ही जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया, हालांकि बाद में उन्हें थाने से जमानत दे दी गई। जिन 12 अन्य कारों ने बैरिकेडिंग तोड़ी थी उन कार मालिकों के खिलाफ भी 4 लाख रुपये का चालान जारी किया गया है।
नोएडा के डीसीपी (यातायात) अनिल कुमार यादव ने कहा कि आईटीएमएस टीम ने रविवार रात 9 बजे के आसपास एक शादी में शामिल कुछ बारातियों को हंगामा करते और यातायात में बाधा डालते देखा, जिसके बाद उन्होंने यातायात विभाग को सतर्क कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ लोगों से शिकायतें मिली थीं। बारात के कारण राहगीर सड़क पर फंसे रहे।