
Noida News नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की सख्ती साफ नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पूरी कमिश्नरी में बड़े पैमाने पर अपराधियों को पकड़ा जा रहा है। यह अभियान बुधवार को भी जारी रहा। इस कड़ी में पिछले 24 घंटे में अलग अलग थाना क्षेत्रों से 8 अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
थाना सेक्टर 20 पुलिस ने मादक पदार्थों के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से गांजा बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर विनायक अस्पताल के पास से संदिग्ध अवस्था में घूम रहे राम कुशवाहा पुत्र तुलसीराम कुशवाहा निवासी सेक्टर 16 जेजे कॉलोनी को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उसके पास से डेढ़ किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झुग्गी बस्ती में गांजे की बिक्री करता है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना सेक्टर 39 पुलिस ने लूट के मामले में वांछित चल रहे 2 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों के पास से गांजा भी बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड के पास से किशोर सिंह पुत्र विजय सिंह व आसिफ खान उर्फ शेरू पुत्र रईस खान को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों आरोपी लूट के मामले में वांछित चल रहे थे। किशोर सिंह पर नोएडा व गाजियाबाद के थानों में 11 मुकदमें तथा आसिफ खान उर्फ शेरू के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर लुटेरे हैं और यह लूट के मामले में वांछित चल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
थाना बीटा-2 पुलिस ने अपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पास से तमंचा,कारतूस बरामद हुए है। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने गश्त के दौरान एटीएस गोल चक्कर के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीण पुत्र रत्न सिंह निवासी ग्राम भवोकरा थाना जेवर बताया। आरोपी ने कबूल किया कि वह अपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था।
थाना सेक्टर 63 पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी का सरिया व दो चाकू बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर बहलोलपुर गांव के पास से आरिफ पुत्र रजा हुसैन व सचिन पुत्र सुरेश चंद को हिरासत में लिया गया। इनके पास से लोहे के सरिया के 13 टुकड़े व दो चाकू बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह सरिया गत दिनों चोरी किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
क्लर्क पद की परीक्षा के लिए सॉल्वर से परीक्षा दिलाने वाले एक आरोपी को थाना फेस 3 पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस सॉल्वर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि गत दिनों सेक्टर 64 ए ब्लॉक स्थित एनटीए एग्जाम सेंटर में क्लर्क की परीक्षा संपन्न हुई थी। गत 17 जून को अभिषेक कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था कि क्लर्क पद के लिए फरमान के स्थान पर अमित ने परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस फरमान की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी व षड़यंत्र रचने सहित अन्य धाराओं में वांछित फरमान को उसके गांव हाशिमपुरा मंगलौर रोड थाना देवबंद जनपद सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
दहेज हत्या के आरोप में वांछित चल रहे ताऊ ससुर को थाना फेस 3 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले को पुलिस आरोपी पति को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर दहेज हत्या के आरोप में वांछित चल रहे यासीन पुत्र खुशी मोहम्मद को गढ़ी गांव के गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया आरोपी मृतका का ताऊ ससुर था। गत 6 जून को पीड़ित ने अपनी बेटी की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। Noida News