
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-77 में बीते दिनों बाइक सवार बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए थे। पुलिस पंद्रह दिन तक शिकायत को दबाए बैठी रही और 16वें दिन लूट की वारदात का मुकदमा दर्ज किया है।
नोएडा के सेक्टर-75 निवासी अनुज कपूर ने बताया कि वह अपनी पत्नी आकांक्षा अग्रवाल के साथ विगत 6 जनवरी को मार्केट सब्जी खरीदने के लिए जा रहे थे। सब्जी खरीदने के बाद वह पैदल ही वापस अपने घर की तरफ आ रहे थे। इस दौरान स्काईटेक के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। उन्होंने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना सेक्टर-113 पुलिस में करीब 16 दिन बाद लूट के इस मामले को दर्ज किया है।
ग्रेटर नोएडा में प्लॉट देने के नाम पर चार जालसाजों ने एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने थाना बिसरख में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। यूसुफपुर चक शाहबेरी में रहने वाले किशन सिंह ने बताया कि 26 दिसंबर 2023 को रोजा जलालपुर में प्लॉट खरीदने को लेकर उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी मुकेश कुमार मौर्य से हुई थी। मुकेश कुमार मौर्य ने बताया कि मिल्क लच्छी गांव के पास 130 मीटर का प्लॉट है। प्लॉट दिखाने के बाद उसने इसकी कीमत 92 लाख रुपये बताई।
किशन सिंह के मुताबिक उसने मुकेश कुमार मौर्य, अमित कुमार, अभिषेक कुमार व अबूबकर को 30 लाख रुपये दे दिए। कुछ समय बाद मुकेश ने उसे 10 लाख रुपये और देने को कहा। जिस पर उसने कुछ दिन बाद पैसे देने को कहा। किशन सिंह के मुताबिक उसने जब पैसे देकर प्लॉट की रजिस्ट्री करने को कहा तो आरोपी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। उसने जब मुकेश से प्लॉट अथवा पैसे दिए जाने की मांग की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की और पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।