
Noida News (चेतना मंच)। परिवार से बिछड़े लोगों को मिलाने के लिए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस लगातार सराहनीय काम कर रही है। इसी के तहत थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) पुलिस टीम ने शेल्टर होम में रह रही महिला को उसके परिजनों से मिलाया है। महिला मानसिक रूप से परेशान थी और शेल्टर सेंटर होम में रह रही थी। पिछले कई माह से लापता महिला से मिलकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
एएचटीयू टीम ने सेक्टर 34 स्थित अपना घर आश्रम में एक 35 वर्षीय महिला की काउंसलिंग की। इस महिला को अपना घर आश्रम की टीम द्वारा लावारिस हालत में घूमते हुए रेस्क्यू किया गया था। शेल्टर होम लाई गई इस महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
एएचटीयू टीम ने जब महिला की काउंसलिंग की तो उसने अपनी बहन का फोन नंबर दिया। टीम के सदस्यों ने उक्त नंबर पर बात कर महिला के बारे में जानकारी दी। उक्त महिला ने अपनी बहन को पहचान लिया और बताया कि वह दिल्ली में रहते हैं तथा उनकी बहन भी उनके साथ ही रहती थी। उसकी मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी।
पिछले कई माह पहले वह बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। एएचटीयू टीम से बात करने के बाद महिला की बहन नोएडा पहुंची। पुलिस ने जरूरी औपचारिकता पूरी कर महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला के परिजनों ने कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर पुलिस का आभार व्यक्त किया है। Noida News