
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना नॉलेज पार्क पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रक में भरकर ले जाई जा रही पंजाब राज्य की शराब पकड़ी है। पुलिस ने 167 पेटी शराब के साथ कैंटर चालक को गिरफ्तार किया है इसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। आरोपी शराब को पंजाब से बिहार लेकर जा रहे थे।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अशोक कुमार ने बताया कि बीती रात्रि थाना नॉलेज पार्क पुलिस को सूचना मिली कि परी चौक से शराब से भरा एक कैंटर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आबकारी विभाग को जानकारी देकर परी चौक के पास घेराबंदी कर दी। इस दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर सफीपुर कट के पास एक आयशर कैंटर को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख कर चालक ने काफी पहले गाड़ी रोक कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान कैंटर का हेल्पर मौके से फरार हो गया जबकि चालक को पुलिस कर्मियों ने दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए चालक ने अपना नाम जुनेद पुत्र इसहाक निवासी ग्राम रणसीका थाना हथीन जिला पलवल हरियाणा तथा अपने फरार साथी का नाम प्रवेश निवासी मथोडी थाना बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा बताया।
कैंटर की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक की टेबल लगी हुई मिली। इन टेबल के बंडल को खोलकर देखा गया तो उनके भीतर शराब की पेटियां भरी हुई थी। एडीसीपी ने बताया कि आयशर कैंटर से 167 पेटियां शराब की बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 15 लाख रूपये के आसपास है। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी पंजाब से शराब खरीद कर उसे बिहार ले जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने कैंटर पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई हुई थी। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार प्रवेश की तलाश कर रही है। Noida News