
Noida News : नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की पुलिस कमिश्नर का हंटर एक और बदमाश पर चला है। गैंगस्टर की आर्थिक कमर तोड़ते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने बदमाश द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई लाखों रूपये की संपत्ति को कुर्क किया है।
अपराध व अपराधियों के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह लगातार कड़ा एक्शन ले रही हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा में अब तक कुख्यात बदमाशों, गैंगस्टरों की अवैध रूप से अर्जित की गई करोड़ों रूपये की संपत्ति को नोएडा की पुलिस ने कुर्क किया है।
इस बार पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा 14 (1) गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही करते हुए मोहम्मद फैजान पुत्र मोहम्मद शाकिर निवासी जिगर कालोनी थाना सिविल लाइन मुरादाबाद हाल पता फ्लैट नंबर- 001, टॉवर-1 एनआरआई सिटी जीएच-1, थाना बीटा-2 द्वारा अवैध रूप से अर्जित किए गए आवासीय प्लॉट 140 वर्ग मीटर, मुरादाबाद में (31,74,058) तथा मुरादाबाद में ही 210 वर्ग मीटर के एक और प्लॉट जिसकी कीमती 31,74,058 है कुर्क किया गया है।
काले कारोबार से हुई कमाई से खरीदे गए इन दोनों प्लॉटों पर फ्लैट और मकान बना हुआ था। कुर्क की गई इन दोनों प्लॉटों की कीमत 63 लाख, 48 हजार, 116 रूपये है।
नोएडा से अपराध का खात्मा करने के लक्ष्य को पूरा करने में जुटी नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गुंडा एक्ट में नामजद कर्ण उर्फ करन पुत्र सतपाल निवासी सिरसा थाना कासना को नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की सीमा से जिला बदर कर दिया है।