
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस वक्त नोएडा कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस एक्शन में नजर आ रही है। यही कारण है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर लापरवाही से वाहन लेकर निकलने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जा रहा है। यदि पिछले 15 दिन की ही बात करें तो इस अवधि में 95 हजार 317 वाहनों के चालान काटकर जुर्माना किया गया है।
दरअसल, इन दिनों नोएडा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा यातायात माह मनाया जा रहा है। हर साल नवंबर के महीने को पूरे प्रदेश में यातायात वाहन के रुप में मनाया जाता है। इस माह के दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा जहां लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुक किया जाता है, वहीं सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों से सख्ती से निपटा जाता है और उनके वाहनों का चालान काटने के साथ साथ सीज किया जाता है।
पिछले पंद्रह दिन यानि 1 नवंबर से 15 नवंबर तक यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही के तहत 95 हजार 317 वाहनों का चालान किया गया है। इनमें 49 हजार 937 वाहन चालक तो ऐसे हैं, जो बिना हेलमेट के ही वाहन चला रहे थे। इसके अलावा नो–पार्किंग–9381, प्रदूषण–4491, बिना बीमा–719, बिना DL–721, ओवर स्पीड–6474, बिना सीट बेल्ट–2187, तीन सवारी–927, मोबाइल फोन–490, विपरीत दिशा–4990, लाल बत्ती जंप–2296, काली फिल्म–410, शराब पीकर वाहन चलाना–05, दोषपूर्ण नम्बर प्लेट–186, हूटर/सायरन–482, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना–27 तथा अन्य यातायात उल्लघंन के 9918 मामले शामिल हैं।
यातायात माह के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन न करने अथवा ट्रैफिक पुलिस द्वारा हिदायत दिए जाने के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वाले 318 वाहनों को सीज किया गया है। सीज किए गए वाहनों में बस/ट्रक–53, कार–49, ऑटो–111, ई–रिक्शा–64, तथा 41 बाइक शामिल हैं।
ऐसा नहीं है कि नोएडा की ट्रैफिक पुलिस केवल वाहन के चालान काटने अथवा सीज करने का ही काम कर रही है। ट्रैफिक पुलिस ने यातायात माह के दौरान मानवता का भी परिचय दिया है। पिछले पंद्रह दिनों में यातायात पुलिस द्वारा 7 हैल्थ कैंप भी आयोजित किए गए हैं। 1750 लोगों की आंखों की जांच कराई गई जिसमें निकट दृष्टि दोष के 432, दूर दृष्टि दोष के 118, आंखों में लालीपन के 80 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस द्वारा 730 वाहन चालकों को चश्मा वितरण किया गया।