
Noida News : नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। कमिश्नरेट नोएडा (गौतमबुद्धनगर) में 5 स्थानों पर चलाए गए अभियान के दौरान 445 वाहन चालकों को चेक किया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले सात वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा पखवाडा अभियान के दौरान शुक्रवार को यातायात पुलिस द्वारा नोएडा के सेक्टर 15, 16, 18, 37, 125, सेक्टर 52 मैट्रो स्टेशन, मॉडल टाउन, कासना, सूरजपुर, परी चौक, किसान चौक, दादरी आदि स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले सात वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को सीज किया और ई चालान की कार्रवाई की। इस दौरान यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा वाहन चालकों व आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करते हुए पम्पलेट का वितरण भी किया गया।
कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए डीएनडी टोल, महामाया फ्लाईओवर व जेवर टोल प्लाजा पर अनाउसमेन्ट के माध्यम से भी वाहन चालकों को जागरूक किया गया। इस दौरान तेज स्पीड में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर के पीआरओ ने बताया कि बीते 16 दिसंबर से चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत अब तक 5870 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनमे बिना हेलमेट 2609, बिना सीट बेल्ट 131, विपरीत दिशा 321, नो पार्किग 477, ओवर स्पीड 495 तथा अन्य नियम तोड़ने पर 1836 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है।