नोएडा पुलिस का कारनामा, लूट की वारदात को चोरी में किया दर्ज
Noida News in hindi
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 06:45 PM
Noida News (चेतना मंच)। थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के मामले में पुलिस द्वारा क्या क्या खेल लिए जाते हैं, इसका उदाहरण यूपी के नोएडा में देखने को मिला है। नोएडा में एक व्यक्ति के साथ हुई मोबाइल लूटने और बैंक खाते से रकम निकालने के मामले को पुलिस ने मात्र चोरी की धाराओं में दर्ज किया है।
Noida News in hindi
क्या है पूरा मामला ?
नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। लूटे गए मोबाइल फोन के जरिए बदमाशों ने पीड़ित के खाते से 137505 रुपए निकाल लिए।
मूल रूप से जनपद फिरोजाबाद निवासी मोहित ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 27 अक्टूबर को रात्रि के समय सेक्टर-62 स्थित मेट्रो स्टेशन से डिक्सन कंपनी की तरफ पैदल जा रहा था। इस दौरान वह अपने परिचित से फोन पर बात कर रहा था। पीछे से पल्सर बाइक पर आए दो लड़कों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक, मोबाइल फोन लूटने के दूसरे दिन बाद जब उसने नया सिम निकलवाया तो उसके पास बैंक से ट्रांजैक्शन के मैसेज आए। लूटे गए मोबाइल फोन के जरिए बदमाशों ने यूपीआई के द्वारा उसके खाते से 137505 रुपए निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लूट के इस मामले को चोरी की धाराओं में दर्ज कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली।
युवक व युवती से मोबाइल लूटा
नोएडा के सेक्टर-53 स्थित कंचनजंगा अपार्टमेंट में रहने वाली रुचि कुमारी ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सेक्टर-135 स्थित अपने ऑफिस से सेक्टर 52 की तरफ जा रही थी। इस दौरान वह फोन पर अपने किसी परिचित से बात कर रही थी। पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने अचानक उसका मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना सेक्टर 24 पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, थाना फेस तीन क्षेत्र के सेक्टर-67 में बाइक सवार बदमाशों ने जितेंद्र सिंह का मोबाइल फोन लूट लिया जितेंद्र सिंह ने थाना फेज-3 में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सेक्टर-67 स्थित यूकेबी कंपनी में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने के लिए गया था इंटरव्यू देने के बाद वह पैदल अपने दोस्त नीरज कुमार से फोन पर बात करते हुए मामूरा की तरफ जा रहा था। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन लूट लिया। मोबाइल फोन के कवर में ढाई हजार रुपए भी रखे हुए थे।
ग्रेटर नोएडा - नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।