दिवाली से पहले नोएडावासियों को मिलेगा तोहफा, भंगेल एलिवेटेड रोड खुलने को तैयार
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Oct 2025 03:10 PM
लंबे इंतजार के बाद नोएडा के लोगों को दिवाली से पहले बड़ी सौगात मिलने वाली है। नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड, जिसे यातायात की समस्या के स्थायी समाधान के रूप में देखा जा रहा है, अब लगभग पूरी तरह तैयार है। सिर्फ स्ट्रीट लाइट लगाने और कुछ छोटे कार्य बाकी हैं। नोएडा प्राधिकरण ने इसके शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा है। संभावना है कि अगले दस दिनों में इसका उद्घाटन हो जाएगा, और नोएडावासियों को इसकी सौगात मिल जाएगी। Noida News :
ट्रैफिक से मिलेगी राहत
दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) मार्ग पर बना यह एलिवेटेड रोड सेक्टर-41 आगाहपुर से फेज-2 नाले तक फैला है। इसके शुरू होने से ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर और दादरी की ओर आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा। जून 2020 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान भुगतान विवाद भी सामने आया। यूपी राज्य सेतु निगम का दावा है कि नोएडा अथॉरिटी पर 150 करोड़ रुपये बकाया हैं। कई बार नोटिस भेजने के बावजूद जवाब न मिलने पर निगम ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और मध्यस्थ नियुक्त करने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई अक्टूबर में होने की संभावना है।
सर्विस रोड और नालियां अभी अधूरी
भुगतान विवाद का असर निर्माण कार्य पर भी पड़ा है। एलिवेटेड रोड के नीचे की सर्विस रोड और नालियों का काम अधूरा रह गया है। सेतु निगम ने अतिरिक्त खर्च का हवाला देते हुए अथॉरिटी से 25 करोड़ रुपये और मांगे हैं। नोएडा अथॉरिटी का कहना है कि विवाद आपसी सहमति से सुलझा लिया जाएगा और एलिवेटेड रोड अक्टूबर में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि दिवाली से पहले यह प्रोजेक्ट ट्रैफिक जाम से जूझ रहे यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा। Noida News