
Noida News : यूपी के ग्रेटर नोएडा में पिछले दिनों संपन्न हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के दो बड़े कार्यक्रमों के सफल आयोजन, कार्यक्रमों की सुंदरता, भव्यता और व्यवस्थित तरीके से आयोजन के पूरा होने पर नोएडा (गौतमबुद्धनगर जनपद) के जिलाधिकारी (DM) मनीष कुमार वर्मा ने नोएडा के SDM सदर अंकित कुमार को शानदार तोहफा प्रदान किया है। डीएम मनीष वर्मा ने SDM सदर अंकित कुमार को दोनों आयोजनों को लेकर बधाई दी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
डीएम मनीष कुमार वर्मा द्वारा एसडीएम सदर अंकित कुमार वर्मा को दिए गए प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि जनपद में दिनांक 21-25 सितम्बर 2023 के मध्य "यू.पी. इण्टरनेशनल ट्रेड शो 2023 का आयोजन उ0प्र0 सरकार द्वारा ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में किया गया। यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो 2023 का शुभारम्भ मा० राष्ट्रपति भारत द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, उ.प्र. के साथ-साथ अन्य मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसी प्रकार जनपद में 22-24 सितम्बर, 2023 के मध्य "मोटो जीपी" का आयोजन बुद्ध इण्टरनेशनल सर्किट, यमुना एक्सप्रेस-वे में किया गया। 24.09.2023 को आयोजित "मोटो जीपी" के फाईनल रेस की अवसर पर मुख्यमंत्री, उप्र द्वारा आयोजित मोटो जीपी रेस का अवलोकन एवं विजेता को ट्राफी वितरण की गयी। इस दौरान भी मुख्यमंत्री, के साथ-साथ अन्य मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उक्त दोनों कार्यक्रमों की सुन्दरता, भव्यता एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित होने के फलस्वरूप मुख्यमंत्री द्वारा मुक्त कंठ से कार्यक्रम की प्रशंसा की गयी। उक्त कार्यक्रम के सकुशल आयोजन में आपके द्वारा जिस प्रशासनिक कार्य कुशलता एवं दक्षता का प्रदर्शन किया गया, निश्चित ही वह प्रशंसनीय है, उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की जाती है और आपके उज्वल भविष्य की कामना की जाती है। भविष्य में भी आप इसी उत्साह एवं मनोयोग के साथ शासकीय कार्यों के निष्पादन में अपना योगदान प्रदान करते रहेंगे।