
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-107 में शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अन्य स्थानों पर हुए सड़क हादसों में घायल दो लोगों की मौत हो गई।
थाना सेक्टर-39 प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-107 स्थित महागुन आम्रपाली सोसायटी के सामने एक व्यक्ति का लहूलुहान शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की शिनाख्त शिवनगर कॉलोनी सलारपुर निवासी गोविंद वर्मा पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। गोविंद वर्मा किसी कंपनी में सेल्समैन था। वह शुक्रवार की सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए कहकर निकला था। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
थाना रबूपुरा क्षेत्र के चचूरा गांव के पास तेज गति में आ रही वैगनआर कार चालक ने साइकिल सवार बृजमोहन को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बृजमोहन की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के दामाद रोदास ने वैगनआर कार चालक दिवाकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसी थाना क्षेत्र के एटीएस बिल्डिंग के पास 12 जुलाई को सड़क हादसे में घायल हुए विजेंद्र ने एम्स अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस संबंध में दिनेश कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के मारीपत रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस हादसे व आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है। थाना जीआरपी दादरी को सूचना मिली कि मारीपत रेलवे फाटक के पास गाजियाबाद की तरफ जाने वाली रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान खैरपुर गुर्जर गांव निवासी कैलाश शर्मा पुत्र लालाराम शर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। युवक की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नोएडा के मामूरा गांव में शटर पर वेल्डिंग करने के दौरान करंट लगने से वेल्डर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गिझोड गांव में रहने वाला रोशन सैफी वेल्डिंग का काम करता था। गुरुवार को वह मामूरा गांव की गली नंबर 3 में एक व्यक्ति के टूटे शटर की रिपेयरिंग कर रहा था। इस दौरान वेल्डिंग मशीन से उसे अचानक करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर गया।
गंभीर स्थिति में रोशन सैफी को सेक्टर-71 स्थित कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना फेज-3 पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया पुलिस का कहना है कि इस संबंध में परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। Noida News