
Noida News: (चेतना मंच)। हाइटेक सिटी के रूप में विख्यात नोएडा शहर के अंतर्गत आने वाले गांव के ग्रामीण आज भी अपने पहचान के लिए तरस रहे हैं। आलम यह है कि गांव में मकान व गली नंबर ना होने की वजह से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में भी कई बार गांव में मकान व गली नंबर डाल कर साइन बोर्ड लगाए जाने की मांग उठ चुकी है। लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हाल में ही गांव चौड़ा रघुनाथपुर निवासी अंजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बावजूद भी इस मामले में नोएडा प्राधिकरण व प्रशासन द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता अंजेश शर्मा ने बताया कि नोएडा के अधिकांश गांव में मकान व गली नंबर ना होने की वजह से ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मकान, गली नंबर ना होने की वजह से जहां डाक व जरूरी पत्र लोगों तक नहीं पहुंच पाते। वहीं अनजान लोगों को भी मकान तलाशने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। मकान नंबर ना होने की वजह से ग्रामीण आज भी अपनी पहचान से पूरी तरह महरूम हैं। पूर्व में भी कई बार गांव के मकानों तथा गली नंबर डालने के साइन बोर्ड लगवाने की मांग को उठाया गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
Noida News[/caption]
श्री शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में आईजीआरएस पर भी कुछ माह पूर्व शिकायत दर्ज कराई थी। कई माह बीतने के पश्चात भी इस शिकायत का निवारण नहीं हो पाया है। आइजीआरएस जनसुनवाई के तहत शिकायत के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं लेकिन उनका मांग पत्र एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी की टेबल के बीच ही घूम रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण व प्रशासन गांव के मकानों व गलियों पर नंबर डालकर उनके साइन बोर्ड लगवाएं जिससे ग्रामीणों को अपनी पहचान मिल सके।