नोएडा बनेगा इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग का हब
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 PM
Noida News : शहर को इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जल्द ही इस तरह के उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को प्रमोट करते हुए औद्योगिक प्लॉट का आवंटन किया जाएगा। दरअसल, दिल्ली में आयोजित कार्यशाला में नोएडा प्राधिकरण की ओर से कई उच्चाधिकारी शामिल हुए थे। कार्यशाला में पहुंचे निवेशकों ने नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में निवेश करने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने यहां जमीन की उपलब्धता के बारे में भी पूछताछ की।
कंपनियों को नोएडा में दी जाने वाली सहूलियतों के बारे में बताया जाएगा
इसके बाद अब प्राधिकरण की ओर से इस मामले में बेहतर तरीके से योजना बनाकर काम शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में नोएडा प्राधिकरण की ओर से ऐसी कंपनियों को बुलाकर बैठक की जाएगी। जिसमें उनको नोएडा में दी जाने वाली सहूलियतों के बारे में बताया जाएगा। इसके बाद उनकी ओर से भी सलाह मांगी जाएगी। सभी कंपनियों से बातचीत करने के बाद औद्योगिक प्लॉट की स्कीम लांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि करीब 10 एकड़ जमीन इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट के मैन्युफैक्चरिंग के लिए अलग-अलग कंपनियों को दी जाएगी। इसमें संभव है कि आठ से 10 प्लॉटों का आवंटन हो।
चीन से इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट मंगाकर करते हैं असेंबल
नोएडा आंत्रप्रिन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन बताते हैं कि फिलहाल चीन से इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट मंगाकर शहर में असेंबल किया जाता है। इसमें पर्सनल कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच, टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, माइक्रोवेव ओवन, मशीनें, सेंसर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद शामिल हैं। लेकिन अब नोएडा प्राधिकरण की पहल से इन उत्पादों के कम्पोनेंट मसलन ट्रांजिस्टर, प्रतिरोधक, कैपेसिटर, डायोड, संधारित्र, रिले का उत्पादन शुरू होने से विदेशों पर निर्भरता खत्म हो जाएगी।
राज्य सरकार को भी किया जाएगा सूचित
प्लॉट की स्कीम निकालते समय इसमें बड़े निवेशकों को शामिल करने के लिए राज्य सरकार को भी सूचित किया जाएगा ताकि उनकी मदद से नोएडा में कुछ अन्य निवेशक निवेश कर सकें। राज्य सरकार के स्तर पर भी इसे प्रमोट करने का काम किया जाएगा। इसका एक ही मकसद नोएडा को हब बनाना होगा।
बोर्ड से कराया जाएगा मंजूर
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए स्कीम लाने से पहले बोर्ड के माध्यम से मंजूरी ली जाएगी। बोर्ड के सदस्यों के साथ बातचीत के बाद इसके अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव ले जाया जाएगा। अनुमोदन के बाद शासन से हरी झंडी मिलते ही आगे की कार्रवाई होगी। लोकेश एम, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि नोएडा को इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसकी मदद से नए निवेशकों को भी निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। बोर्ड से मंजूरी के बाद आगे की दिशा में काम होगा। Noida News