नोएडा का गालीबाज चेहरा श्रीकांत त्यागी बना भगवान का पैरोकार
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:40 PM
Noida News : नोएडा शहर के सेक्टर-93 की ग्रांड ओमेक्स सोसायटी में हुआ श्रीकांत त्यागी कांड सबको याद होगा। श्रीकांत त्यागी ने सभ्य समाज की एक महिला के साथ सरेआम गाली-गलौज तथा अभद्रता की थी। इसी कारण श्रीकांत त्यागी का नाम नोएडा में गालीबाज पड़ गया था। लम्बे अर्से के बाद नोएडा का गालीबाज श्रीकांत त्यागी बागपत जिले में सक्रिय नजर आया है। बागपत में चल रहे भगवान परशुराम के नाम के बोर्ड के विवाद में श्रीकांत त्यागी बड़ा पैरोकार नजर आ रहा है।
श्रीकांत त्यागी ने दिया विवादित बयान Noida News
नोएडा के गालीबाज श्रीकांत त्यागी ने अब बागपत जिले में विवादित बयान दिया है। आपको बता दें कि बागपत जिले के बिनौली क्षेत्र के गलहेता गांव में भगवान परशुराम के नाम से बना बोर्ड उखाड़े जाने पर श्रीकांत त्यागी ने विवादित बयान दिया है। श्रीकांत त्यागी ने इस विवाद के लिए बुलाई गई सभा के मंच से कहा कि आप सब लोगों ने बड़े सब्र से काम लिया है। नहीं तो दरोगा जी की जिप्सी फूंकी जाती, दो-चार चांटे मारे जाते, वर्दी भी फटती, दंगा होता। श्रीकांत त्यागी ने यह भी एलान किया कि वे 65 गांवों में भगवान परशुराम के बोर्ड लगाएंगे. यह विवाद भगवान परशुराम के बोर्ड को लेकर शुरू हुआ था। गांव के लोग गांव के बाहर भगवान परशुराम का बोर्ड लगा रहे थे, लेकिन पुलिस ने इसे उखाड़ दिया था। इसके बाद श्रीकांत त्यागी भडक़ गए और पुलिस के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया।
श्रीकांत त्यागी ने पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए। कहा कि सभा को विधिपूर्वक न्याय संगत रूप से किया जा रहा था। बिनौली थाने के इंस्पेक्टर ने सभा को बिगाडऩे का प्रयास किया था। यहां पर भगवान परशुराम जी का बोर्ड स्थापित था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भगवान परशुराम तस्वीर पर माल्यार्पण किया जाना था। पुलिस ने बोर्ड पर लगी भगवान पुरशुराम की तस्वीर को फाड़ दिया और बोर्ड को उखाड़ दिया। श्रीकांत त्यागी ने कहा कि बोर्ड लगाना कौन सा शासन आदेश के विरुद्ध है। मामले पर बागपत जिले के एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि श्रीकांत त्यागी के बयान का वीडियो सीओ बागपत को जांच के लिए दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ी तो कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी। Noida News