नोएडा का दलित प्रेरणा स्थल होगा और भी भव्य, सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 15 करोड़
Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Jun 2025 03:35 PM
Noida News : नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल अब और भी भव्य रूप में नजर आएगा। इस ऐतिहासिक स्थल का सौंदर्यीकरण करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसे चार चरणों में वर्ष 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस काम के तहत मुख्य गुंबद की मरम्मत, मूर्तियों की पॉलिशिंग और मरम्मत, उद्यान का नवीनीकरण, और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है।
क्या-क्या हो रहा है बदलाव?
प्रेरणा स्थल के प्रबंधक बिजेंद्र सिंह के अनुसार, पहले चरण में मुख्य गुंबद की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो चुका है। यह कार्य उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम द्वारा कराया जा रहा है, जिस पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दूसरे चरण में पार्क में लगी आदमकद मूर्तियों की पॉलिशिंग और मरम्मत पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। अब तक 60% कार्य पूरा हो चुका है।तीसरे चरण में पार्क के ग्रीन एरिया को और बेहतर बनाने के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से उद्यानिक कार्य किए जा रहे हैं। इसमें सेलेक्शन-1 ग्रेड की घास लगाई जा रही है। खास बात यह है कि घास लगाने वाली कंपनी ही एक साल तक पार्क के रख-रखाव की जिम्मेदारी भी निभाएगी। वहीं चौथे चरण में प्रकाश व्यवस्था को आधुनिक और आकर्षक बनाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके तहत फाउंटेन लाइटिंग, फसाड लाइट्स और अन्य रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात में भी पार्क जगमगाता रहे।
संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर कदम
गेट नंबर 1 और 2 के बीच बने डोम की बीम में दरार आने के बाद आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) को निरीक्षण और सुझाव के लिए पत्र भेजा गया था। टीम ने हाल ही में डोम का मुआयना किया है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट और रेट्रो-फिटिंग के सुझाव देगी।
पार्क की एक झलक आंकड़ों में
कुल क्षेत्रफल: 82.5 एकड़
ग्रीन एरिया: 61.2 एकड़
निर्माण क्षेत्र: 21.3 एकड़
यह परियोजना न सिर्फ एक सांस्कृतिक विरासत को संजोने का प्रयास है, बल्कि यह नोएडा में पर्यटन और जन-सुविधा दोनों को बढ़ावा देगी। उम्मीद है कि कार्य पूरा होने के बाद यह स्थल एक नए और सशक्त रूप में सामने आएगा, जहां इतिहास, सौंदर्य और तकनीक का बेहतरीन संगम देखने को मिलेगा। Noida News