मुंबई जैसा होगा नोएडा का इलेक्ट्रोनिक इंफ्रास्ट्रक्चर
Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:38 AM
Noida News : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की तर्ज पर जल्द ही नोएडा का इलेक्ट्रोनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इलेक्ट्रोनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के तैयार हो जाने के बाद नोएडा में बिजली कटौती व अन्य समस्याओं से नोएडा के लोगों को छुटकारा मिलेगा।
नोएडा के सीईओ ने एईएमएल के विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर के अध्ययन की रिपोर्ट देखी
आपको बता दें कि मुंबई महानगर में अडाणी इलेक्ट्रिकसिटी मुंबई लिमिटेड (एईएमएल) द्वारा इलेक्ट्रोनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। इसका अध्ययन करने के लिए नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी व महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों द्वारा मुंबई इलेक्ट्रोनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का अध्ययन किया गया तथा एक रिपोर्ट तैयार की गई। इस रिपोर्ट को अधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम के सामने रखा।
प्रजेंटेंशन में बताया गया है कि भविष्य में नोएडा में 220/132/33 केवी विद्युत उपकेन्द्रों का निर्माण जीएसआई पद्धति पर स्काडा सिस्टम (प्रणाली) सहित किया जाए। जिससे भूमि की बचत के साथ-साथ विद्युत फॉल्ट में भी कमी आएगी और उपकेन्द्र पूर्ण क्षमता के साथ काम करेंगे।
सेक्टरों की एचटी व एलटी लाइनों को भी भूमिगत किया जाएगा
प्राधिकरण के अधिकारियों ने सीईओ को बताया कि नोएडा में स्थापित 33केवी एवं 11 केवी के ्ऊपरगामी विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत किया जाएगा। विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण के लिए डबल पोल स्ट्रक्चर के स्थान पर रिंग मेन यूनिट तथा स्ट्रेटथू्र ज्वाइंट का प्रयोग किया जाएगा। एक वर्ष के अंदर नोएडा में उक्त तकनीक का इस्तेमाल कर 33केवी व 11केवी की लाइनों को भूमिगत किया जाएगा तथा सेक्टरों की एचटी व एलटी लाइनों को भी भूमिगत किया जाएगा। Noida News