
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर 16ए फिल्म सिटी के पास लगने वाले ट्रैफिक जाम को समाप्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अब नई रणनीति बनाई है। जाम की समस्या को दूर करने के लिए अब फिल्म सिटी में कार्य करने वाले लोगों के वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने सेक्टर 14ए स्थित डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में सेक्टर 16ए फिल्म सिटी में स्थित कंपनी, न्यूज़ चैनलों के प्रतिनिधियों, स्थानीय संस्थाओं के निवासियों व मीडियाकर्मियों के साथ बैठक की। इस दौरान सेक्टर 16ए फिल्म सिटी में सुबह शाम लगने वाले जाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में फिल्म सिटी से एक्सप्रेस वे पर निकलने वाले यातायात की समस्या, फिल्म सिटी में लेन ड्राइविंग तथा कुछ मार्गों पर एक लाइन में यातायात के संचालन पर सहमति बनी।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए सेक्टर 16ए फिल्म सिटी में काम करने वाले लोगों के वाहनों को ही प्रवेश करने की अनुमति दिए जाने का निर्णय लिया गया। फिल्म सिटी में ऐसे वाहनों पर रोक लगेगी जो डीएनडी फ्लाईओवर से रजनीगंधा अंडरपास के ऊपर से यू टर्न लेकर फिल्म सिटी पार्किंग स्थल से अंदर प्रवेश कर फिल्म सिटी के मुख्य मार्ग से एक्सप्रेस वे पर निकलते हैं।
इस कारण एक्सप्रेसवे पर अनावश्यक रूप से यातायात का दबाव बढ़ता है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि ऐसे वाहन अब रजनीगंधा लूप से एक्सप्रेसवे होकर अपने गंतव्य को जाएंगे। इस अवसर पर एसीपी 1 ट्रैफिक, एसीपी 2 तथा यातायात निरीक्षक मौजूद थे। Noida News