
Noida News : नोएडा, ग्रेटर नोएडा में जमीन की कीमत आसमान पर हैं। बेशकीमती जमीन को नोएडा में सक्रिय ठगबाज बार-बार बेचकर करोड़ों रुपए की हेराफेरी कर रहे हैं। ऐसे ही एक ठग के झांसे में नोएडा के एक वृद्ध उद्यमी आ गए। ठगबाज ने वृद्ध उद्यमी को विवादित भूखंड बेचकर 50 लख रुपए की चपत लगा दी।
नोएडा के सेक्टर 36 निवासी 84 वर्षीय गुरुदयाल सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में वीर होराइजंस के नाम से कंपनी है। वर्ष 2014 में उसके परिचित तेजपाल ने उसे एक प्लाट बेचने के लिए मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी से मुलाकात कराई थी। मोहम्मद जाहिद ने सूरजपुर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित 9101.02 वर्ग मीटर के भूखंड को बेचने का प्रस्ताव रखा। जाहिद सिद्दीकी ने उसे यूपीएसआईडीसी के कार्यालय बुलाया और उक्त भूखंड की फाइल दिखाई। फाइल देखने के बाद उनका 5 करोड़ 10 लाख 21000 रुपये में भूखंड का सौदा तय हो गया।
इस दौरान जाहिद सिद्दीकी ने बताया कि उक्त भूखंड हर प्रकार के वाद विवाद से पूरी तरह मुक्त है और उस पर किसी प्रकार का लोन आदि भी नहीं है। 27 अगस्त वर्ष 2014 को एग्रीमेंट टू सेल के पश्चात उन्होंने मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी को 50 लख रुपये का भुगतान कर दिया। कुछ दिनों पश्चात मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी ने उनसे 2 करोड रुपए और देने की मांग की जिस पर उन्होंने रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करने पर पैसे देने की बात कही। इस पर मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी आना-कानी करने लगा शक होने पर जब उन्होंने यूपीएसआईडीसी के कार्यालय में जांच पड़ताल की तो पता चला कि उक्त भूखंड पर 4 करोड़ 81 लख रुपये का लोन है।
उन्होंने जब इस संबंध में मोहम्मद जाहिद से बात की तो उसने आश्वासन दिया कि वह लोन की धनराशि का भुगतान कर भूखंड को लोन से मुक्त कर लेगा। मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी ने ना तो रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया और ना ही भूखंड का लोन चुकाया। दिए गए रुपये मांगने पर वह उन्हें टरकाता रहा। गुरदयाल सिंह के मुताबिक उन्होंने जब अपने पैसे वापस मांगे तो मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक आरोपी उनके 50 लाख रुपये हड़प गया है। थाना कासना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।