
Noida News (चेतना मंच)। हिंद मजदूर सभा के प्रदेश मंत्री आर.पी. सिंह चौहान को तीन मंडलों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें नोएडा, गाजियाबाद और आगरा मंडल का प्रभारी बनाया गया है।
हिन्द मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिव गोयल मिश्रा ने मजदूरों की आवाज उठाने तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां दी हैं। नोएडा से प्रदेश कमेटी में मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे आर.पी. सिंह चौहान को नोएडा, गाजियाबाद तथा आगरा मंडल का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा श्री चौहान प्रदेश उपाध्यक्ष एसके त्यागी के साथ मिलकर मेरठ मंडल, अलीगढ़ तथा सहारनपुर मंडल का भी कार्य देखेंगे।
प्रदेश मंत्री श्री चौहान ने नवीन जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष शिव गोयल मिश्रा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप गई है उस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। मजदूरो की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनका निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।