Noida News: थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है जबकि इसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है।
Noida News
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि थाना सेक्टर- 24 प्रभारी अमित कुमार सेक्टर-54 टी प्वाइंट के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भाग निकले।
पुलिस के पीछा करने पर हड़बड़ी में बाइक फिसल गई जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम पिंटू उर्फ नेवला पुत्र देवकरण निवासी संजय मार्केट थाना गाजीपुर दिल्ली बताया। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी की पैशन प्रो बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद हुए।
एडीसीपी ने बताया कि पिंटू उर्फ नेवला ने यह बाइक गत दिनों थाना क्षेत्र से चोरी की थी। सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपी चोरी करते हुए कैद हो गए थे। पकड़ा गया नेवला शातिर वाहन चोर है और वाहन चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
इसके अपराधिक इतिहास की जानकारी और फरार साथी की तलाश की जा रही है। घायल नेवला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।