
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा के मिनी कनॉट प्लेस (Connaught Place) कहे जाने वाले सेक्टर-18 में मल्टीलेविल पार्किंग के पास लोग अब चंडीगढ (Chandigarh) में नेकचंद द्वारा स्थापित रॉक गार्डन से रूबरू हो सकेंगे। कल 16 फरवरी को इसकी डिजाइन का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। यहां पर कबाड़ तथा अप्रयोज्य वस्तुओं से रॉक गार्डन बनाया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि रॉक गार्डन में खास तौर से पत्थरों के वेस्ट मटेरियल का प्रयोग किया जाएगा। यहां पर पहाड़ी लैंडस्केपिंग के तौर पर इसको तैयार किया जाएगा। इसको जापानी तकनीक पर भी तैयार किए जाने पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सेक्टर-18 में इसके लिए जगह देखी गई है, लेकिन अभी यह जगह आधिकारिक रूप से फाइनल नहीं की गई है। कुछ और जगह भी देखी गईं हैं।
इंप्रैशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओई) में आने वाली कंपनियां जो प्रस्तुतीकरण देंगी, उसके हिसाब से जगह और कीमत फाइनल कर दी जाएगी। अधिकारियों ने दावा किया है कि इसको चंडीगढ़ से बेहतर बनाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण की तरफ से रॉक गार्डन बनाने के लिए विभिन्न आर्किटेक्ट और आर्किटेक्ट कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। कंपनियों को यह डिजाइन रिपोर्ट दो कलर कॉपी में देनी होगी। इस योजना को लेकर 16 फरवरी को नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में प्रस्तुतीकरण होगा। अधिकारियों ने बताया कि इसमें वहीं कंपनी आवेदन कर सकती हैं जिनको सात साल का अनुभव हो।
यहां एम्फीथियेटर भी बनाया गया है जहां दो हजार से ज्यादा लोग बैठ सकते है। रॉक गार्डन भी इसी का हिस्सा होगा। यही नहीं यहां लेजर शो का आयोजन भी किया जाएगा इसके अलावा लाइव कनसर्ट भी किए जाएंगे। ऐसे में सेक्टर-18 आने वाले लोगों के लिए ये बेहतर ऑप्शन होगा।