
Noida News : उत्तर प्रदेश के आधुनिक शहर नोएडा में अब कियोस्क व दुकान आदि की योजनाओं में कोई मनमानी बोली लगाकर नोएडा प्राधिकरण को गुमराह नहीं कर पाएगा। यदि बोली लगाने के बाद नियत समय पर पैसा जमा नहीं किया तो जमा की गई धरोहर राशि (EMD) जब्त कर ली जाएगी। Noida News
नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अशोक शर्मा ने बताया कि पहले योजना में ईएमडी जब्त करने का प्राविधान नहीं था, लेकिन इस बार से जो आंवटी आवंटन पत्र लेने के दौरान बोली का एक मुश्त पैसा प्राधिकरण में जमा नहीं करेगा, उसकी ईएमडी जब्त कर ली जाएगी। बोली लगाने के लिए ही आवेदनकर्ता को तीन माह का एडवांस ईएमडी के रूप में जमा करना होगा। यदि वो बोली की एक मुश्त रकम जमा करता है तो ईएमडी का पैसा उसी में समयोजित कर लिया जाएगा। साथ ही विफल होने वाले आवेदनकर्ताओं को 30 दिन में ईएमडी का पैसा वापस मिल जाएगा।
नोएडा के सेक्टर-18 में 17 कियोस्क की योजना निकाली गई, जिसमें पहले फेज में आठ कियोस्क आंवटित हुए। दूसरे फेज में 9 कियोस्क की योजना निकाली गई। इसमें से सभी 9 कियोस्क के लिए बोली लगाई गई। लेकिन बोली के अनुरुप सिर्फ दो लोगों ने ही पैसा जमा किया।
नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अशोक शर्मा ने बताया कि कियोस्क का बेस प्राइज 27 हजार रुपये था। बोली एक हजार रुपये ज्यादा यानी 28 हजार से शुरू होनी थी। 28 हजार रुपये से शुरू हुई बोली 3 लाख रुपये तक पहुंच गई। आवंटन पत्र जारी होने के बाद आंवटियों ने पैसा जमा नहीं किया। ऐसा एक नहीं सात कियोस्क की बोली में हुआ। उस समय ईएमडी जब्ज करने का प्राविधान नहीं था। लेकिन इस बार योजना में ईएमडी जमा करने का प्राविधान कर दिया गया है। यही नहीं इसी तरह नोएडा के बोटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर सात दुकानों के लिए बोली लगाई गई। जिसमें सिर्फ एक ने ही बोली के अनुसार पैसा जमा किया। छह ने पैसा जमा नहीं किया।
इसके अलावा तीन सेक्टर-82, 105 और 117 में भी कॉमर्शियल दुकानों की योजना निकाली जा रही है। इसमें नोएडा के सेक्टर-82 में 34 और नोएडा के सेक्टर-105 में 17 दुकाने है। ये सभी किराये पर दी जाएंगी। इसमें मिनिमन 34 वर्गमीटर तक की दुकान है।