
Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जनपद की बेटियों के लिए यूपी की योगी सरकार की ओर से एक बड़ी खबर है। खबर यह है कि पिछले दिनों रात आठ बजे के बाद कोचिंग जाने पर लगाए गए प्रतिबंध के फैसले को वापस ले लिया गया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गौतमबुद्धनगर जनपद के अन्य क्षेत्रों में रहने वाली छात्राएं रात आठ बजे के बाद भी कोचिंग के लिए बेधड़क अपने घर से बाहर निकल सकेगी।
आपको बता दें कि पिछले दिनों यूपी शासन की ओर से सेफ सिटी परियोजना के तहत रात आठ बजे के बाद कोचिंग सेंटरों के संचालन पर बैन लगा दिया गया था। यह प्रतिबंध उन कोचिंग सेंटरों पर लगाया गया था, जहां पर छात्राएं कोचिंग के लिए जाती थी। कहा गया गया था कि रात आठ बजे के बाद छात्राओं के लिए कक्षाओं का संचालन नहीं हो सकेगा। इस बाबत शिक्षा विभाग की ओर से सभी कोचिंग सेंटर संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए थे।
प्रदेश शासन की ओर से जारी नए आदेश के तहत अब प्रदेशभर में अब छात्राएं रात आठ बजे के बाद भी कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई कर सकेंगी। उच्च शिक्षा विभाग ने मंगलवार को 30 अगस्त को जारी किया गया अपना आदेश वापस ले लिया है, जिसमें लड़कियों के लिए कोचिंग संस्थानों में रात आठ बजे के बाद कक्षाएं लगाने पर रोक लगाई गई थी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत एनसीआर में शामिल यूपी के जिलों में छात्राओं ने इस आदेश का काफी विरोध किया था। अब यह आदेश रद्द होने से छात्राओं को बड़ी राहत मिली है।
विशेष सचिव, उच्च शिक्षा अखिलेश कुमार मिश्रा की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि कोचिंग संस्थानों में पुरुष व महिलाओं के लिए अलग- अलग शौचालय की व्यवस्था करनी होगी। यही नहीं कोचिंग संस्थानों व सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रमुख स्थानों प्रवेश व निकास द्वार, कक्षाएं, बरामदे और हास्टल में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने होंगे।
सेफ सिटी परियोजना के तहत महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में उच्च शिक्षण व कोचिंग संस्थानों में भी इसके तहत सख्त उपाय किए जा रहे हैं। रात आठ बजे के बाद कोचिंग संस्थानों में लड़कियों की कक्षाएं न लगाने के निर्देश इसी के तहत दिए गए थे, परंतु नौकरी करने वाली छात्राओं ने इसका विरोध किया और इस प्रतिबंध को हटाने की मांग की गई थी।