Noida News: मंदिरों के फूलों से अब होली के रंग भी बनेंगे
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 12:49 AM
Noida : नोएडा । मंदिर से निकले अप्रयोज्य फूलों से अब खाद व अगरबत्ती के अलावा होली के लिए प्राकृतिक रंग भी बनाए जाएंगे। प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी की इस पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है। सेक्टर-34 स्थित नारी-निकेतन में ये कार्य प्राधिकरण के सहयोग से डॉ मधुमिता पुरी के नेतृत्व में संचालित एनजीओ सोसाइटी फॉर चाइल्ड डेवलपमेंट के सहयोग हेतु समन्वय स्थापित कर किया जा रहा है। योजना के तहत सेक्टर-34 स्थित नारी-निकेतन (अपना घर आश्रम द्वारा संचालित) में रहने वाली 100 से अधिक महिलाओं को फूलों को अगरबत्ती, होली के रंगों और खाद में संसाधित करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूर्व से ही नारी निकेतन में रहने वाली महिलाओं को अन्य हस्तशिल्प में भी प्रशिक्षित किया जाता है ताकि वे वस्त्रों और अन्य सामग्रियों से उत्पाद बना सकें, जो कि नोएडा के लिए एक अधिशेष है।
इस पहल को शुरू करने के लिए आयोजित एक बैठक में नोएडा प्रााधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने कहा कि इसका उद्देश्य इन परित्यक्त महिलाओं को सशक्त बनाना और नोएडा के नागरिकों के लिए पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना है। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के तहत नोएडा के सेक्टर-20, 28, 34, 44, 52 और 53 में मंदिरों से फूलों के कचरे का संग्रह शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में अन्य 20 सेक्टरों के मंदिरों को जोड़ा जाएगा। मंदिरों में फूलों का संग्रहण शुरू हो चुका है तथा प्रशिक्षण कार्य भी चालू है।