
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यह चोरी देश के एक प्रतिष्ठित बैंक के लॉकर रुम से हुई है। चोरों ने बैंक के लॉकर से एक एनआरआई के 30 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए गए। चोरी का खुलासा उस समय हुआ, जब बैंक की एनआरआई महिला ने दो साल बाद आकर अपना लॉकर चेक किया। यह मामला होम्स 121 स्थित एचडीएफसी बैंक का है। चोरी की इस घटना के बाद बैंक के छोटे से लेकर बड़े तक तमाम अफसरों में हड़कंप मचा है।
जानकारी के अनुसार थाना फेस 3 स्थित एचडीएफसी बैंक में एनआरआई निकिता गुप्ता का खाता है। निकिता गुप्ता ने खाते के साथ साथ बैंक से एक लॉकर भी ले रखा है। बताया जाता है कि एनआरआई निकिता गुप्ता दो साल पहले आस्ट्रेलिया चली गई थी। बताया जाता है कि निकिता गुप्ता कुछ दिन पहले ही आस्ट्रेलिया से वापस लौटी हैं। आज जब वह होम्स 121 स्थित एचडीएफसी बैंक गई और अपना लॉकर चेक किया तो उनके लॉकर में रखे करीब 30 लाख रुपये के जेवर गायब थे।
पुलिस के अनुसार, निकिता गुप्ता ने बैंक मैनेजर को एक प्रार्थना पत्र अपने बैंक लॉकर से आभूषण गायब होने के संबंध में दिया गया है। जिसके बाद बैंक पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि लॉकर टूटा हुआ नहीं है। प्रकरण की जांच बैंक की लीगल टीम द्वारा की जा रही है तथा लॉकर खोलने के संबंध में नियम व शर्तों का अवलोकन किया जा रहा है। इस संबंध में थाना फेस 3 पुलिस के द्वारा बैंक की लीगल टीम की रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।