Noida News : बाज नहीं आ रहे साइबर ठग, हर घंटे कर रहे हें एक ठगी
Noida News
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 01:06 PM
Noida News : नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली तथा NCR में सक्रिय साइबर ठग ठगी से बाज नहीं आ रहे हैं। अलग-अलग शहरों की पुलिस साइबर ठगों के विरूद्ध आए दिन अभियान चलाती है। अलग-अलग नाम से चलने वाले अभियानों के दौरान दर्जनों साइबर ठग पकड़े भी जाते हैं। पुलिस, सरकारी एजेंसियां तथा सामाजिक संगठन नागरिकों को साइबर ठगी से बचाने के उपाय भी सिखा रहे हैं। फिर भी नोएडा व ग्रेटर नोएडा से लेकर पूरे दिल्ली NCR में साइबर ठगी कम नहीं हो रही है।
Noida News in hindi
हर घंटे एक साइबर ठगी
हाल ही में एक्टिव सिटीजन टीम नामक संस्था ने साइबर ठगी पर एक सर्वे किया है। इस सर्वे में बड़े ही चौंकाने वाले आंकड़े प्रकाश में आए हैं। एक्टिव सिटीजन टीम का दावा है कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत दिल्ली NCR में हर घंटे साइबर ठगी का कोई न कोई मामला सामने आता है। ठगी का शिकार होने पर कुछ लोग तो मामले की रिपोर्ट दर्ज करा देते हैं कुछ लोग पुलिस तक जाते ही नहीं हैं। पुलिस की तमाम कोशिश साइबर ठगों के सामने फेल हो रही है। साइबर ठग रोज ठगी करने के नए-नए तरीके तलाश लेते हैं।
हाल ही में ठगी का एक मामला ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। थाना सूरजपुर क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा शहर के सेक्टर डेल्टा-2 में रहने वाली एक युवती को साइबर ठग ने बेहतर रिटर्न का लालच देकर 52 हजार रूपए ठग लिए। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-2 में रहने वाली किरण शर्मा ने बताया कि गत दिनों उसके व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति का मैसेज आया। मैसेज में घर बैठे ऑनलाइन वर्क कर पैसे कमाने का ऑफर दिया गया था। उसने जब नंबर पर बात की तो उसे बताया कि उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा जा रहा है। इस ग्रुप में उसे पैसे निवेश करने पर बेहतर रिटर्न का ऑफर दिया गया। जालसाज की बातों में आकर उसने शुरुआत में कुछ कम पैसे निवेश किये।
शुरुआत में उसे मुनाफे के साथ जमा कराए गए पैसे वापस कर दिए गए जिससे उसका विश्वास बढ़ गया इसके बाद उसने 52000 रूपये निवेश कर दिए काफी समय बीतने के बाद भी जब उसे पैसे नहीं मिले तो उसने अपने पैसों को वापस दिए जाने की मांग की। इस पर उसे टेलीग्राम ग्रुप से बाहर निकाल दिया गया। सूरजपुर के थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं उसे फ्रीज करा दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा - नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।