
Noida News : बड़ी संख्या में ऐसे लोग होते हैंं जो शराब के पीते हैं, किंतु शराब को झेल नहीं पाते। शराब उनके सिर पर चढ़कर बोलने लगती है। फिर वे 'कुछ भी' कर डालते हैं। मानों उन्हें डर ही नहीं लगता। ऐसा ही एक किस्सा यूपी के नोएडा शहर के सेक्टर 27 में हुआ। यहां शराब के नशे में धुत्त एक सज्जन ने अपनी बंदूक का जलवा दिखाने के लिए खुलेआम फायरिंग कर दी।
नोएडा कमिश्नरी पुलिस के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर 28 में कार मार्केट के पास से उमेश कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय कायम सिंह यादव को लाइसेंसी बंदूक और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी सेक्टर 27 में एक आवास पर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करता था। गत 16 जुलाई को उमेश कुमार यादव ने शराब के नशे में अपनी लाइसेंसी बंदूक से सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग की थी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था और उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
थाना दादरी पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके पास से अवैध असलाह बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिसकर्मी गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस ने चिटहेरा नहर के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आसिफ पुत्र रफीक निवासी किदवई नगर मोहल्ला मेवातियान दादरी बताया। आरोपी ने कबूल किया कि वह आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था। Noida News