
Noida News : नोएडा के सेक्टर 48 स्थित ग्रीन वैली एकेडमी के पुस्तकालय के स्थापना की प्रथम वर्षगांठ पर आज स्कूल परिसर में हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा में वाचन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस दौरान बताया गया कि वाचन प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र छात्राओं में पुस्तकों के प्रति लगाव पैदा करने तथा पढ़ने की आदत डालना है। बच्चों को संबोधित करते हुए स्कूल की चेयरपर्सन कुसुम लता शर्मा ने पुस्तकों का विद्यार्थियों के भविष्य, चरित्र, एवं आत्मबल व मानसिक विकास पर पड़ने वाले प्रभाव का महत्व समझाया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में कंप्यूटर, लैपटॉप, फ़ोन इत्यादि के प्रयोग से जहां ज्ञान का भंडार जैसा सा खुल गया है, वहीं दूसरी तरफ़ पुस्तकों का महत्व कम होता चला जा रहा है। पुस्तकें हमारी संस्कृति एवं ऐतिहासिक धरोहर का भंडार हैं। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रयोग के कारण बच्चों के लिखने व समझने की क्षमता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। पुस्तकालय या तो लुप्त होते चले जा रहे हैं या उनका प्रयोग काफ़ी कम किया जा रहा है। जबकि किसी भी व्यक्ति का व्यक्तित्व समाज, वातावरण, शिक्षकों व उसके पारिवारिक परिवेश एवं पुस्तकों का समावेश ही तो होता है।
इस अवसर पर पुस्तकालय की संस्थापिका एवं प्रमुख सलाहकार डॉक्टर बसंथी कृष्णन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का असीमित भंडार हैं। जरूरत है बस पढ़ने की और जीभर के ग्रहण करने की।
वाचन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता को विशेष ध्यान में रखते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए। यह पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के नाम क्रमशः अमर पवार कक्षा 7, भाविक कक्षा 6 तथा अविरल कक्षा 3 है।
आपको बता दें कि 15 मई 2022 को कक्षा - K.G. से कक्षा - 8 तक के बच्चों के लिए एक पुस्तकालय की स्थापना की गई थी। पुस्तकालय में कक्षा - K.G. से कक्षा - 8 तक के बच्चों के लिये एक हज़ार से अधिक पुस्तकें तथा अध्यापिकाओं के लिए रिफरेन्स पुस्तकें उपलब्ध हैं।