विज्ञापन

Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नववर्ष में भी एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस स्कीम) लागू रहेगी। बिजली विभाग ने इस योजना की तिथि बढ़ा दी है। नोएडा के बिजली उपभोक्ता अब 16 जनवरी तक इसका लाभ उठा सकेंगे।
विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता राजीव मोहन ने चेतना मंच को बताया कि बिजली विभाग की एकमुश्त योजना की मियाद बढ़ने से विद्युत विभाग को काफी राजस्व मिलना तय है। आपको बता दें कि इसके पूर्व इस योजना का तीसरा चरण 31 दिसंबर तक था। इस चौथे चरण में भी योजना के तीसरे चरण वाली छूट ही मिलेगी। 8 नवंबर को शुरू हुई ओटीएस स्कीम में अभी तक 60 हजार बकायेदारों को लाभ मिला है। इससेे विभाग को करीब 9 करोड़ का राजस्व मिला है।
इस योजना के तहत जनपद में 1.49 लाख बकायेदार शामिल थे। सभी पर विभाग का करीब 400 करोड़ रूपये का राजस्व बकाया था। इस योजना में बकाया बिल के ब्याज पर 40-100 प्रतिशत छूट मिली थी। ओटीएस की पहली योजना 8-15 नवंबर, दूसरी 16-30 नवंबर तथा तीसरी योजना 1-31 दिसंबर तक चली थी। अब इसे बढ़ाकर 16 जनवरी कर दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी (उद्यान) संतोष कुमार ने नए साल का आगाज सेक्टर 37 के औचक निरीक्षण से किया। इस दौरान ओएसडी के समक्ष कई खामियां सामने आईं। सेक्टर के सी ब्लॉक में लोग अपने मकान के सामने ग्रीन बेल्ट को निजी उपयोग में ला रहे हैं। पार्कों में सूखी पत्तियों के ढेर दिखाई दिए। पार्कों का रखरखाव बहुत खराब हालत में मिला। कई जगह जाली टूटी हुई मिली। कटिंग न होने से घास काफी बड़ी हो गई है। ग्रीन बेल्ट का रखरखाव भी ठीक से नहीं किया जा रहा।
ओएसडी ने इन खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर के पार्कों में ग्रीन बेल्ट में सूखे पेड़ों की जगह नए पौधे लगाने और सेक्टर के गोलचक्कर को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोलचक्कर पर रेलिंग लगाने, सेक्टर में फुटपाथ बनवाने, पार्कों में बेंच और फाउंटेन लगाने के निर्देश दिए। ओएसडी इन कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन