
Noida News : आवास खरीदारों का पैसा वापस न लौटाने के मामले में सुपरटेक ग्रुप के स्वामी और चेयरमैन आरके अरोडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के आदेश पर हुई। दादरी तहसील की राजस्व टीम ने आरके अरोड़ा को गिरफ्तार करने की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
आपको बता दें कि यूपी रेरा ने खरीदारों को पैसा वापस न लौटाने के मामले में पहले ही सुपरटेक कंपनी के चेयरमैन के खिलाफ आरसी जारी कर दी थी। आरसी जारी होने के बाद भी सुपरटेक कंपनी की ओर से यूपी रेरा में पैसा जमा नहीं कराया गया। इसके अलावा जिला प्रशासन का करोड़ों रुपया भी सुपरटेक कंपनी पर बकाया है। जिला प्रशासन का करोड़ों रुपये को जमा न कराने की स्थिति में आज जिला प्रशासन द्वारा आरके अरोड़ा को गिरफ्तार किए जाने के आदेश जारी किए गए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक सुपरटेक बिल्डर पर 33.56 करोड़ रुपए बकाया है। काफी समय से यूपी रेरा के आदेश पर लगातार आरसी जारी की जा रही थी, लेकिन उसके बावजूद भी पैसा जमा नहीं किया जा रहा था। सोमवार की शाम को दादरी तहसीलदार ने अपनी टीम के साथ मिलकर आरके अरोड़ा का गिरफ्तार कर लिया।आपको बता दें कि एक माह पूर्व 7 अप्रैल 2023 को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एक प्रेस वार्ता की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि अब उन बिल्डरों को बक्शा नहीं जाएगा, जिन पर जनता का पैसा बकाया है, उन बिल्डरों को जनता का पैसा लौटाना होगा अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। जिसके बाद जिला प्रशासन ने बकायदा बिल्डरों की सूची जारी की थी।