
Noida News /जेवर। जेवर कस्बे के पास बन रहे जेवर एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। उसकी मौत की खबर से उसके पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि अब उस बेचारे के परिवार का क्या होगा ?
आपको बता दें कि 23 वर्षीय युवक कुलदीप निर्माणाधीन जेवर एयरपोर्ट पर श्रमिक के तौर पर काम कर रहा था। वह देवेन्द्र का पुत्र था। कुलदीप जेवर एयरपोर्ट से रोजाना की तरह मजदूरी करने के बाद अपनी बाईक से अपने घर लौट रहा था जहां गांव नीमका रामनेर रजवाहे के समीप सामने से आ रही बेकाबू अज्ञात कार चालक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी जिससे कुलदीप बाईक समेत खाई में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे जेवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने देर रात दम तोड दिया।
मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची जेवर कोतवाली पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। रविवार की देर शाम गमगीन माहौल में कुलदीप का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है की मृतक दो बच्चों का पिता था। मृतक के पिता ने जेवर कोतवाली पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी है। कुलदीप की मौत को लेकर गांव में मातम पसरा हुआ है।
दो छोटे-छोटे बच्चों का पिता कुलदीप बेहद शरीफ युवक था। उसकी मौत की खबर ने पूरे गांव को दु:खी कर दिया है चारों तरफ गांववासी यही सवाल पूछ रहे हैं कि अब कुलदीप की पत्नी व बच्चों का क्या होगा। सभी लोग हत्यारे कार चालक को अभिशाप दे रहे हैं। Noida News