Noida News:लोगों को रास आ रही एक्वा मेट्रो: रितु माहेश्वरी
Noida Metro: NMRC earned better results on other sources of revenue as well
नोएडा
RP Raghuvanshi
22 Oct 2021 08:30 AM
नोएडा। एक्वा लाइन मेट्रो में सवारियों को इजाफा हुआ है। औसतन प्रतिदिन 17,289 सवारियां एक्वा मेट्रो में यात्रा कर रही हैं।
एनएमआरसी प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने बताया कि कोरोना काल में आंशिक कर्फ्यू के बाद नौ जून से मेट्रो सेवा बहाल की गई थी। इसके बाद से लगातार एनएमआरसी की सभी मेट्रो को हर ट्रिप के बाद पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाता है। स्टेशनों, प्लेटफॉर्म और अन्य संपर्क क्षेत्रों जैसे लिफ्ट के काल बटन, एएफसी गेट, एस्केलेटर और सीढिय़ों के हेंडल, बेल्ट, पीओएस मशीन आदि को नियमित अंतराल पर साफ किया जाता है। यात्रियों के मास्क, तापमान और हैंड सैनिटाइजेशन की जांच के लिए प्रत्येक स्टेशन पर यात्री स्क्रीनिग टीम को तैनात किया गया है। यात्रियों के बीच उचित सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए स्टेशन क्षेत्र और ट्रेनों के अंदर साइनेज और मार्किंग प्रदान की जाती है। प्रबंधन के विभिन्न उपायों के कारण, यात्रियों का विश्वास धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अभी तक सवारियां की संख्या सप्ताहवार औसतन 2,877 ही प्राप्त थी, लेकिन 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक सप्ताहवार आंकड़ा प्रतिदिन 17,289 सवारियों का प्रबंधन को प्राप्त हुआ है। यात्रियों को बिना किसी डर या अवरोध के नोएडा मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने की सलाह भी दी जा रही है।