
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास सडक़ किनारे बेहोश पड़े मिले व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली कि मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर एक व्यक्ति काफी समय से बेहोश पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त व्यक्ति को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त व्यक्ति क्षेत्र में कबाड़ बीनने का काम करता था और शराब पीने का आदी था। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं थाना कासना क्षेत्र में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए गए बुलंदशहर निवासी लाला राम पुत्र छेदा सिंह की मौत हो गई। लालाराम गत दिनो बुलंदशहर क्षेत्र में एक सडक़ हादसे में घायल हो गया था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।