
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी गांव में दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है।
छिजारसी गांव निवासी अजय शर्मा की दुकान के बाहर अजय गौतम अपने साथी के साथ खड़ा हुआ था। अजय शर्मा का आरोप है कि दोनों आरोपी दुकान पर बैठी उसकी पत्नी व बहन को देखकर उन्हें गंदे इशारे व भद्दे कमेंट कर रहे थे। इसका जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों व रॉड से उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने उनकी पत्नी के कपड़े फाड़ दिए और जबरदस्ती करने लगे।
वहीं, अजय गौतम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह रोड पर खड़ा हुआ था इस दौरान अजय उसके पिता और बहनोई ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। Noida News