नोएडा में चोरों से पुलिस की सीधी टक्कर, एक घायल, दो गिरफ्तार
Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:51 PM
Noida News : निर्माणाधीन साइटों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की थाना फेस दो पुलिस से भिड़ंत हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया जबकि इसके दो अन्य साथियों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस, चाकू चोरी के प्रॉप जैक शटरिंग पाइप व वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकप गाडी बरामद हुई है।
नाले की पटरी पर दौड़ाई गाड़ी
एडीसीपी ने बताया कि थाना फेस 2 प्रभारी विंध्याचल तिवारी पुलिस टीम के साथ एनएसईजेड तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। पुलिस टीम ने बोलोरो पिकअप को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे नाले की पटरी की तरफ दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर बोलेरो पिकअप का पीछा किया और बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि इसके दो साथी भाग निकले। घायल बदमाश की पहचान बबलू उर्फ अजय निवासी बिहार के रूप में हुई।
निर्माणाधीन साइटों से करते थे चोरी
पकड़ा गया बदमाश हाल में कुंडा कॉलोनी भंगेल में रह रहा है। इसके पास से तमंचा, कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि, पकड़े गए बदमाश के दो अन्य साथी जाहर व इब्राहिम को भी पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बोलोरो पिकअप, चाकू, 22 प्रोप जैक शटरिंग पाइप बरामद हुए। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तीनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं और निर्माणाधीन साइटों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पकड़े गए बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।