
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बिसरख पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 15 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
नोएडा सेंट्रल जोन के एडीसीपी राजीव दीक्षित ने बताया कि थाना बिसरख प्रभारी अनिल राजपूत के नेतृत्व में गौर सिटी चौराहे पर वाहनों की चेकिंग चल रही थी। पुलिस ने तीन बाइकों पर सवार 6 युवकों को रोका। पुलिस के मांगने पर तीनों बाइकों के कागजात नहीं दिखा पाए। संदेह के आधार पर इन से कड़ाई से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने कबूल किया कि उक्त बाइक चोरी की है। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आकाश, अमन, लकी, बंटी, सुखबीर व नोलेन्द्र कुमार बताए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर डूब क्षेत्र में पुश्ते के पास झाडिय़ों में छिपाकर खड़ी की गई 11 बाइक और स्कूटी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि बरामद वाहन में से 11 बाइक थाना बिसरख क्षेत्र से चोरी की गई थी। एक बाइक थाना फेज-2 तथा गाजियाबाद के विजयनगर से चोरी की गई थी। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग भूमिका थी। आकाश व अमन चोरी की वारदात को अंजाम देते थे जबकि गिरोह के अन्य सदस्य वाहनों को ठिकाने लगाते थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
चोरों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर लगी हाई मास्क लाइट की केबल चोरी कर ली। इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जेवर टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम ऑफिसर सुमित कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि चोरों ने थाना क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे पर लगी हाई मास्क लाइटों की केबल चोरी कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त के शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।