
Noida News : किसी अनजान व्यक्ति द्वारा गोली मारकर घायल करने की सूचना देना एक युवक को भारी पड़ गया। अब इस युवक को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। दरअसल, इस युवक ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसे किसी ने गोली मारकर घायल कर दिया है।
आपको बता दें कि शनिवार की रात करीब दो बजे एक युवक ने डॉयल 112 पर फोन किया और बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे उसे गोली मारकर घायल कर दिया है। उसने बताया था कि वह जेवर का रहने वाला है और जावल ऋषि गौशाला के पास घायल अवस्था में पड़ा है। गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में थाना जेवर पुलिस जावल ऋषि गौशाला के पास पहुंची जहां पर पुलिस को हरिकेश पुत्र वीर सिंह निवासी कानीगढ़ी जेवर घायल अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस द्वारा पीड़ित से पूछताछ व आवश्यक जानकारी ली गई तो वह घटना होने की सही जानकारी नहीं दे सका। जिसके बाद पुलिस को पूरा मामला संदिग्ध लगने लगा। गोली लगने वाले व्यक्ति हरिकेश से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने कुछ कारणों से अपने पैर में स्वयं ही गोली मारी है।
इसी क्रम में घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान ही हरिकेश की निशादेही पर धान के खेत से वह देसी तमंचा भी बरामद कर लिया, जिससे उसने खुद पर फायर किया था। जेवर पुलिस द्वारा घटना का खुलासा करते हुए हरिकेश के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। Noida News