
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा पुलिस कमिश्नरी (गौतमबुद्धनगर) क्ष्रेत्र में नोएडा पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा अपराधियों विशेषकर माफिया सरगनाओं के खिलाफ लगातार कड़ा एक्शन लिया जा रहा है। एक्शन भी ऐसा कि माफिया सरगना अपना घर बार छोड़कर फरार हो रहे हैं। इसी के कड़ी में शनिवार को पुलिस ने नोएडा के माफिया सरगना रणदीप भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य एवं टॉप शूटर योगेश डाबरा की करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया है।
आपको बता दें कि कुख्यात माफिया सरगना रणदीप भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य एवं टॉप शूटर योगेश डाबरा पुत्र श्यौराज डाबरा निवासी ग्राम डाबरा थाना दादरी गौतमबुद्धनगर गैंग संख्या 298 का सक्रिय सदस्य भी है उसके खिलाफ 27 से अधिक हत्या, रंगदारी, फिरौती के लिए अपहरण, लूट आदि के केस दर्ज हैं।
शनिवार, 2 सितंबर 2023 को पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा 14 (1) गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के अंतर्गत टॉप शूटर और बदमाश योगेश डाबरा की संपत्ति का अधिग्रहण करने के आदेश दिए गए थे। इन आदेशों के अनुपालन में कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने रणदीप भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य एवं टॉप शूटर योगेश डाबरा की ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के ग्राम डाबरा व अजायबपुर स्थित 36 दुकानें जिनकी कीमत 5 करोड 40 हजार 75 रूपये है को जब्त करने की कार्यवाही की।
इससे पूर्व पुलिस ने गांव में पहुंचकर लाउस्पीकर के माध्यम से मुनादी भी कराई और ग्रामीणों को अवगत कराया कि शातिर योगेश डाबरा की संपत्ति को जब्त किया जा रहा है। पुुलिस की इस कार्यवाही से गांव में हड़कंप मच गया। यहां यह तथ्य विशेष रुप से उल्लेखनीय है कि नोएडा पुलिस कमिश्नरी की पुलिस अब तक दो दर्जन से अधिक माफिया सरगनाओं के विरुद्ध उनकी प्रोपर्टी जब्त करने का अभियान चला चुकी है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि अगले कुछ दिनों इस अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों /माफियाओं पर अंकुश लगाने के उद्देशय से गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा आरोपियों के विरूद्ध आगे की इसी प्रकार की कडी कार्यवाही निरंतर स्तर पर जारी रहेगी। Noida News in hindi