
Noida News : लगता है कि मानव में सहन शक्ति समाप्त ही हो गई है। जरा जरा सी बात पर परिवार के बिखराव की स्थिति पैदा हो रही है, ऐसे में यदि नोएडा कमिश्नरेट पुलिस टूटते बिखरते परिवारों को बचाने का काम करें इसे आप क्या कहेंगे। यही कि टूटते परिवारों के लिए नोएडा पुलिस एक बीच की कड़ी बन रही है और परिवारों को टूटने से बचा रही है। ऐसे ही सराहनीय काम नोएडा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा किए जा रहे हैं। नोएडा पुलिस ने एक दंपत्ति को न केवल अलग होने से बचा लिया, बल्कि परिवार में जो दरार पैदा हुई थी उसे भी दूर करने का काम किया है।
परिजनों के बीच घर की छोटी-छोटी मामूली बातों पर इस कदर कलह बढ़ी कि पति पत्नी का रिश्ता टूटने के कगार पर पहुंच गया। परिवार की कलह का यह मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराकर आपसी मनमुटाव को दूर कराया। पुलिस की समझदारी भरी पहल से पति पत्नी का रिश्ता टूटने से बच गया।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पुलिस द्वारा पारिवारिक मामलों में प्राप्त शिकायतों की काउंसलिंग करते हुए टूटते परिवारों को एक बार पुनः मिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना फेस-3 पर एक महिला ने अपने पति व ससुराल वालों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी के कुछ ही दिनों के बाद उसके पति व परिवार के बीच अनबन रहना शुरू हो गई जिस कारण वह अपने पति के साथ नहीं रह पा रही थी, जबकि पति-पत्नी साथ रहना चाहते थे।
महिला की शिकायत पर दोनों परिवारों को काउंसलिंग के लिए थाना फेस-3 पर बुलाया। पुलिस ने दोनों परिवारों को समझा-बुझाकर आपसी मनमुटाव को दूर कराया। दोनों परिवार तथा महिला की सहमति से उसे पति के साथ भेजा गया। पुलिस द्वारा की गई पहल के कारण पति-पत्नी के रिश्ते को टूटने से बचाया गया। इस कार्य के लिये दोनों परिवार के लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया है।