Noida News : जनसेवा केन्द्र के संचालक को लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने किया लंगड़ा
नोएडा
RP Raghuvanshi
05 Jul 2023 11:02 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
05 Jul 2023 11:02 PM
Noida News : बादलपुर क्षेत्र में गत दिनों जन सेवा केंद्र संचालक के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को थाना फेस-2 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इनके पास से वारदात में प्रयुक्त 9 एमएम की पिस्टल, 2 तमंचे, कारतूस, लूटे गए 71500 रूपये तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए दोनों बदमाशों पर एक-एक दर्जन से अधिक मुकदमे कई जनपदों में दर्ज हैं।
Noida News :
सेंट्रल जोन के डीसीपी अनिल कुमार ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि थाना फेज-2 पुलिस एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार बाइक को मोडक़र भागने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम मनीष गुर्जर निवासी गाजियाबाद व विमल जाटव निवासी मेरठ बताया।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने कबूल किया कि उन्होंने गत 19 जून को थाना बादलपुर क्षेत्र में जन सेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस वारदात में उन्होंने 92000 रूपये की लूट की थी। विरोध करने पर उन्होंने जन सेवा केंद्र संचालक को पिस्टल की बट मारकर घायल कर दिया था। इस दौरान पिस्टल की गोलियों से भरी मैगजीन भी मौके पर गिर गई थी।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए मनीष गुर्जर पर 13 तथा विमल जाटव पर 19 मुकदमे विभिन्न जनपदों के थानों में दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी और हरेंद्र खरखड़ी गैंग से भी संबंध होने के संकेत मिले हैं। इस बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
एडीसीपी डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि दोनों आरोपियों की दादरी क्षेत्र में रिश्तेदारी है। इस कारण इनका यहां आना जाना लगा रहता था। इस दौरान इन्हें पता चला कि जन सेवा केंद्र संचालक पैसे लेकर जाने वाला है। बदमाशों ने उसकी रेकी करनी शुरू कर दी। 19 जून को इन दोनों बदमाशों ने सुनसान जगह पर केंद्र संचालक को घेर कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। जांच पड़ताल के दौरान लूट के बाद भागते हुए का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा था।
#noidanews@trendingnews#crimenews#latestnews#noidahindi news