
Noida News : पिछले दो दिनों से नोएडा कमिश्नरेट पुलिस शाम ढलते ही सड़कों पर उतर रही है। नोएडा कमिश्नरेट के बड़े अफसर भी सड़कों पर गस्त करते हुए नजर आते हैं। इसी क्रम में बुधवार की रात भी नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के बड़े अफसर और कई थानों की पुलिस सड़कों पर नजर आई। पुलिस अधिकारियों ने जहां होटल खंगाले, वहीं दूसरी ओर शॉपिंग माल और मेट्रो स्टेशनों की चेकिंग की।
आपको बता दें कि शुक्रवार को पूरे देश में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस मनाया जाना है। गणतंत्र दिवस पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए नोएडा (गौतमबुद्धनगर) कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। पिछले कई दिनों से रोजाना पुलिस के छोटे से लेकर बड़े अधिकारी सड़कों पर गस्त तो कर ही रहे हैं, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी भी ले रहे हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जनपद में होटल, ओयो होटल, शापिंग मॉल और मेट्रो स्टेशनों की जांच पड़ताल की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत अपर पुलिस आयुक्त कानून/व्यवस्था शिवहरि मीणा के पर्यवेक्षण व सभी जोन के डीसीपी/एडीसीपी के नेतृत्व में जनपद के सभी बॉर्डर व थाना क्षेत्रों में पुलिस बल, बीडीडीएस टीम के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों, मेट्रो स्टेशन, ओयो होटल, महत्वपूर्ण चौराहों व आस-पास के स्थानों पर पुलिस द्वारा चेकिंग की गई। सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखी जा रही है। अन्य जनपदों बॉर्डर के आस-पास संदिग्ध प्रतीत हो रहे वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।