
Noida News : मोबाइल की दुकान में चोरी के आरोपी को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर थाना कासना पुलिस ने चोरी के 25 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी ने गत दिनों न्यायालय में सरेंडर कर दिया था।
थाना कासना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि करीब 6 माह पूर्व कासना कस्बे में पीपलका निवासी यतेन्द्र नागर की मोबाइल की दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। बदमाश दुकान से लाखों रुपये मूल्य के महंगे मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे।
जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने इस मामले में आनंद, हीरा सिंह उर्फ उर्फ हीरेश, संजीव व घनश्याम को गिरफ्तार कर 120 मोबाइल फोन बरामद किए थे। इस मामले में धनपाल उर्फ धन्नू फरार चल रहा था। पुलिस की लगातार दबिश के बाद धनपाल ने गत दिनों न्यायालय में सरेंडर कर दिया था।
पुलिस ने न्यायालय में अर्जी देकर आरोपी धनपाल को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। धनपाल की निशानदेही पर ओमिक्रोन सेक्टर से चोरी के 25 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।