
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के भूखंड, 64.7 प्रतिशत मुआवजा देने सहित कई मांगों को लेकर भारतीय किसान परिषद द्वारा नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए पूरे नोएडा जोन में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। जगह-जगह तैनात पुलिस कर्मियों ने किसानों को नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित कार्यालय पर पहुंचने से रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी कई गांव के किसान सेक्टर-5 स्थित हरौला बारात घर में इकट्ठा हो गए।
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष किसान नेता सुखबीर पहलवान ने नोएडा के किसानों की समस्याओं को लेकर आज नोएडा के सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। इस ऐलान के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने धरना स्थल पर किसानों को पहुंचने से रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया। पर्थला से टेंपो में आ रहे किसानों को पुलिस की टीम ने रोक दिया। इसके बाद किसानों की पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि किसान टेंपो में भरकर धरना स्थल नहीं जा सकते। पुलिस की सख्ती के बाद भी किसान नोएडा के सेक्टर-5 स्थित हरौला बारात घर में इकट्ठा होने लगे। खबर लिखे जाने तक बड़ी संख्या में किस बारात घर में एकत्रित हो चुके थे वहीं किसानों को रोकने के लिए नोएडा पुलिस कमिश्नर ने नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मी रास्तों पर तैनात कर रखे थे। इसके अलावा पुलिस ने आज सुबह सपा सहित किसान संगठनों के कई नेताओं को घर में ही नजर बंद कर दिया। समाचार लिखे जाने तक बसों, ट्रैक्टर, टेंपो तथा निजी वाहनों द्वारा किसानों के हरौला बारात घर में पहुंचने का सिलसिला चल रहा था।
हरौला बारात घर में मौजूद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी किसानों को समझाने बुझाने में लगे हुए थे वहीं किसानों का कहना था कि नोएडा प्राधिकरण उनके साथ छल कर रहा है। पूर्व में किसानों द्वारा दिए गए धरने को खत्म करने के समय प्राधिकरण व पुलिस अधिकारियों ने उनकी तमाम मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया था लेकिन किसानों की मांगे आज तक पूरी नहीं हुई। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के अलावा मुख्यमंत्री तक से भी किसानों ने मांगों को पूरा करने की कई बार गुहार लगाई। लेकिन उन पर कोई सुनवाई नहीं हुई। किसानों का कहना था कि वह अब आर पार की लड़ाई लड़कर अपना हक लेकर रहेंगे।
किसान नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि इस बार अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जब तक किसानों के मांगे पूरी नहीं होगी तब तक धरना समाप्त नहीं होगा। सुखबीर खलीफा ने कहा कि 10 फीसदी आबादी के भूखंड 64.7 प्रतिशत मुआवजे, किसान कोटे के प्लाटों में व्यावसायिक गतिविधियां सहित अन्य मांगों को लेकर किसानों ने वर्ष 2021 में 4 माह तथा वर्ष 2023 में 3 माह नोएडा प्राधिकरण पर धरना दिया था।
किसानों के धरने के बाद प्राधिकरण अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उनकी मांगों को बोर्ड बैठक में पास कराकर जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि किसानों की अधिकतर मांगों को बोर्ड बैठक में पास कर दिया गया है। लेकिन उनका क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अपना हक लेकर रहेंगे। चाहे इसके लिए उन्हें आर पार की लड़ाई लडऩी पड़े। नोएडा प्राधिकरण पर अहिंसात्मक तरीके से किसान एक बार फिर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।