
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर-135 स्थित श्रीराम मिलेनियम स्कूल के बाहर से गत दिनों एक महिला की होंडा सिटी कार व पालतू डॉगी को चोरी करने के तीन आरोपियों को थाना एक्सप्रेस वे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पीडि़ता ने गत दिनों थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर छपरोली कट के पास एक होंडा सिटी कार को जांच के लिए रोका गया। कार में तीन युवक पर एक डॉगी सवार था। पुलिस के मांगने पर तीनों आरोपी कार के कागजात नहीं दिखा पाए। संदेह के आधार पर की गई पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उक्त कार चोरी की है। पुलिस ने कार सवार नितिन वर्मा, आशीष व शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उक्त होंडा सिटी कार व बरामद डॉगी को गत 5 अप्रैल को सेक्टर 135 स्थित मिलेनियम स्कूल के बाहर से चोरी किया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि सेक्टर 93 बी में रहने वाली भावना अपने बच्चों को लेने श्रीराम मिलेनियम स्कूल गई थी। वह गाड़ी में अपने पालतू डॉगी को छोडक़र बच्चों को लेने स्कूल के भीतर चली गई। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटी तो उन्हें कार नदारद मिली। इस संबंध में उन्होंने कार व डॉगी चोरी करने के आरोप में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वही पुलिस द्वारा कार व पालतू डॉगी को बरामद करने पर भावना खासी खुश दिखाई दी। उसने आरोपियों की गिरफ्तारी व अपने पालतू डॉगी के सकुशल मिलने पर पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त किया है।