
Noida News (चेतना मंच)। थाना फेस-3 पुलिस ने करीब 7 माह पूर्व गढ़ी चौखंडी गांव से अपहृत हुई एक युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराए जाने के पश्चात मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए जाएंगे।
थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि करीब 7 माह पूर्व गढ़ी चौखंडी गांव से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इस संबंध में युवती के परिजनों ने एक युवक पर उसके अपहरण का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। सूचना के आधार पर युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया है। जांच पड़ताल में युवती बालिग निकली है जिसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल परीक्षण के पश्चात युवती को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। बयानों के पश्चात आगामी विधित कार्यवाही की जाएगी।
सदरपुर कॉलोनी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो नाबालिग किशोरियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने किशोरियों को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया है।
थाना प्रभारी अजय चाहर ने बताया कि गत दिनों सदरपुर कॉलोनी से दो नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इस संबंध में परिजनों ने उनके अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना कर रही पुलिस ने दोनों नाबालिग किशोरियों को बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दिल्ली राम पार्क निवासी हरिओम पुत्र वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरे बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया है। किशोरियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। चिकित्सीय परीक्षण में अगर उनके साथ बलात्कार की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पोस्को एक्ट की धारा में बढ़ोतरी की जाएगी।
नोएडा ग्रेटर- नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।