
Noida News (चेतना मंच)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने व लापरवाह वाहन चालकों को नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में यातायात पुलिस द्वारा आगामी 30 जून तक डिसिप्लिन ऑन द रोड- 2 अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस उपायुक्त अनिल यादव ने कार्यालय में आयोजित गोष्ठी के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों को इस अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 30 जून तक चलने वाले इस अभियान के दौरान लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने, नाबालिग द्वारा सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाने, नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने, चार पहिया वाहनों में बैठी सवारियों द्वारा सीट बेल्ट ना लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने, लाल नीली बत्ती का अवैध प्रयोग करने, जातिसूचक, संप्रदाय सूचक, पद सूचक या अन्य आपत्तिजनक शब्द वाहन पर लिखें होने, मॉडिफाई साइलेंसर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, चार पहिया वाहनों पर काली फिल्म का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाए। पुलिस उपायुक्त ने इस दौरान पुलिसकर्मियों को भी चेताते हुए कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध वसूली ना हो और पुलिसकर्मी किसी से दुर्व्यवहार ना करें। अभियान के दौरान पुलिसकर्मी अपना कार्य शालीनता एवं दृढ़ता के साथ करें। चेकिंग के दौरान बुजुर्ग, महिलाओं, दिव्यांगों व मरीजों को कोई असुविधा ना होने पाए। इस दौरान पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरे का प्रयोग करें। Noida News