
Noida News (चेतना मंच)। पृथला गांव में वृद्ध व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस ने अवैध निर्माण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के परिजनों का आरोप था कि 5 मंजिला मकान के निर्माण से घर में आई दरार से एक वृद्ध को हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार को पृथला गांव निवासी राजाराम यादव की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने शव को पृथला ब्रिज के पास रख कर यातायात जाम कर दिया था। परिजनों का आरोप था कि गांव का ही सतीश यादव अवैध रूप से 5 मंजिला मकान का निर्माण करा रहा है। इस निर्माण की वजह से आस-पड़ोस के घरों में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई जिस कारण घरों के गिरने का खतरा बना हुआ था। इस बात को लेकर राजाराम के पुत्र संजय सहित करीब दर्जनभर ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण व पुलिस में शिकायत की थी।
विवाद के मद्देनजर थाना सेक्टर 113 पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ 18 अप्रैल को धारा 107/ 116 सीआरपीसी की कार्रवाई की थी। इसके अलावा 5 मंजिला भवन के निर्माण की जांच के लिए पुलिस द्वारा नोएडा प्राधिकरण को रिपोर्ट प्रेषित की गई। रिपोर्ट के आधार पर सतीश यादव के खिलाफ थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
एडीसीपी ने बताया कि परिजनों का आरोप था कि मकान में आई दरारों की वजह से सदमे के कारण राजाराम यादव की मौत हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण के आरोपी सुभाष पुत्र शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। Noida News