
Noida News (चेतना मंच)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता व दादरी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी राजकुमार भाटी ने आरोप लगाया है कि नगर निकाय चुनाव में पुलिस द्वारा सत्ता पक्ष के इशारे पर चुनाव को प्रभावित किया जा रहा है। दादरी नगर पालिका में पुलिसकर्मियों द्वारा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं सभासद प्रत्याशियों व उनके समर्थकों को डरा धमका कर चुनाव प्रभावित किया जा रहा है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पुलिस पर आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) रविशंकर छवि को सौंपा। राजकुमार भाटी ने बताया कि दादरी नगर पालिका अध्यक्ष पद के सपा उम्मीदवार अय्यूब मलिक के घर पर पुलिस तलाशी के नाम पर बार-बार दबिश देकर उन्हें परेशान कर रही है। पुलिस ने उनके चचेरे भाई के घर में घुसकर तलाशी के नाम पर तोडफ़ोड़ की एवं महिलाओं के साथ बदतमीजी की वहीं घर में बेटी की शादी के लिए रखा दहेज के सामान को इधर-उधर फेंक दिया। इसके अलावा दादरी पुलिस ने मोहल्ला नई आबादी में प्रचार कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को माहौल खराब करने के नाम पर रोक कर धमकाया।
श्री भाटी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में पुलिस पूरी तरह से राज्य सरकार के इशारे पर काम कर रही है तथा चुनाव निष्पक्ष कराने में बाधा उत्पन्न कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पूरी तरह से भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जिताने के काम में लगी हुई है। ज्ञापन सौंपने वालों में नोएडा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी, महेंद्र यादव, इंद्र प्रधान, जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, महेश भाटी, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।